ढोकलिया में नई पंचायत गठन पर अधिकारियों का निरीक्षण, ग्रामीणों ने जताई खुशी

भीलवाड़ा समाचार दिनेश पारीक 
कोटड़ी। क्षेत्र के ग्राम ढोकलिया में नई पंचायत गठन की प्रक्रिया के तहत शुक्रवार को पंचायत समिति विकास अधिकारी रामविलास मीणा, समिति सदस्य एवं पूर्व सरपंच कैलाश चंद्र तिवारी ने प्रस्तावित पंचायत मुख्यालय का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने भवन एवं स्थान का स्थल-जायजा लेते हुए आवश्यक व्यवस्थाओं की जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान पूर्व में निर्मित सामुदायिक भवन संचालन के लिए उपयुक्त पाया गया।

इस अवसर पर बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। ढोकलिया को पंचायत मुख्यालय बनाए जाने पर ग्रामीणों ने हर्ष प्रकट करते हुए कहा कि अब क्षेत्र के विकास कार्यों में गति आएगी और प्रशासनिक सुविधाएं स्थानीय स्तर पर सुलभ होंगी।

ग्रामीणों ने इस पहल के लिए जहाजपुर विधायक गोपीचंद मीणा, कोटड़ी प्रधान करण सिंह बेलवा, भाजपा महामंत्री कन्हैयालाल जाट एवं पूर्व मंडल अध्यक्ष कैलाश तिवारी के प्रति आभार व्यक्त किया। ग्रामीणों ने ‘जय हिंद, जय भारत’ के नारे लगाकर स्वागत किया।